Jhabua Times News

बामनिया में श्री पार्श्व सांचल सोनाणा में महाआरती, देशभर से पहुंचे श्रद्धालु

jhabuatimes बामनिया:-
झाबुआ जिले के बामनिया स्थित श्री पार्श्व सांचल सोनाणा तीर्थ धाम में चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। गादीपति विवेक जी लुणावत के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बामनिया का यह मंदिर मध्य प्रदेश का पहला सच्चियाय माता मंदिर होने का गौरव रखता है। सफेद संगमरमर से तराशा गया यह भव्य मंदिर अपनी सुंदरता और आकर्षक वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। यहां विराजित माताजी की प्रतिमा जोधपुर के ओसियां स्थित मूल मंदिर की हूबहू प्रतिकृति है। माताजी के साथ यहां सोनागणा खेतलाजी, हनुमानजी और गणेशजी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं, जिनकी पूजा ओसवाल जैन, माहेश्वरी, राजपूत और जाट सहित कई समाजों द्वारा कुलदेवी के रूप में की जाती है। करीब एक साल पहले 2 अप्रैल 2025 को संतों की मौजूदगी में यहां श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ जिनालय के लिए भूमिपूजन किया गया था। वर्तमान में इसका निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र की धार्मिक महत्ता और बढ़ेगी। माताजी के मंदिर के पास ही स्थित श्री सोनागणा खेतलाजी भैरवजी का मंदिर भी भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि भैरवजी की यह प्रतिमा एक खेत से प्राप्त हुई थी और इनके दर्शन मात्र से बड़े से बड़ा संकट टल जाता है। विशेष मान्यता: कहा जाता है कि माताजी और खेतलाजी के दरबार में सच्ची श्रद्धा से आने वाली निसंतान महिलाओं की गोद जल्द भर जाती है। इन चमत्कारी मान्यताओं के कारण बामनिया आज देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख धार्मिक केंद्र बन चुका है। #jhabau #bamniya #jhabuatimes #mpnews

Post a Comment

Previous Post Next Post