Jhabua Times News

रायपुरिया U-15 क्रिकेट टूर्नामेंट खत्म, सरपंच 11 ने मारी बाजी

jhabua times news
नगर में आयोजित अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिसमें 15 वर्ष से कम आयु के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला सरपंच 11 और शेडो हंटर टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शेडो हंटर ने 10 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरपंच 11 टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 50 रन पर ही 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद रणवीर सिंह ने जिम्मेदारी संभालते हुए संयमित और शानदार बल्लेबाजी की। मैच के अंतिम ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में उन्होंने टीम को जीत दिलाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सक्षम पाटीदार को “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया। वहीं, गर्व पाटीदार को “बेस्ट बल्लेबाज” और नयनदीप सिंह राठौर को “बेस्ट गेंदबाज” का पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विजेता टीम के कप्तान प्रिंस पाटीदार एवं उपविजेता टीम के कप्तान भव्यराज सिंह चौहान सहित सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महावीर भंडारी, पंकज नीमजा, बंटी मिश्रा, रामकृष्ण पाटीदार, आनंद मुनिया, राजू सालवी, योगेंद्र निनामा, प्रवीण सिंह कुशवाह, गौरव भंडारी सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ क्रिकेटर मौजूद रहे ।

Post a Comment

Previous Post Next Post